नई दिल्ली.अमन विहार में गैंगरेप की शिकार हुई 2 लड़कियों ने पुलिस के सामने चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा, वे (आरोपी) रेप करते रहे और हमारे दोस्त चुपचाप देखते रहे। हम सोच रहे थे कि वे (दोस्त) हमें बचाने की कोशिश करेंगे। हम मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को पकड़ा है, जिसमें दो नाबालिग हैं। मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास हुई थी वारदात… – मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़कियों के दोस्त कोने में बैठे पूरी वारदात को चुपचाप देखते रहे। पुलिस को कॉल तक नहीं किया। – केस की जांच कर रहे एक अफसर ने बताया कि दोनों आईविटनेस में से एक ने अपना बयान दर्ज कराने से इनकार कर दिया है। – गैंगरेप में शामिल एक आरोपी की तलाश जारी है। आरोपियों में से एक ग्रेजुएशन कर रहा है और बाकी चारों बेरोजगार हैं। – पुलिस ने कहा, ‘मनीष और शिवम 3 दोस्तों के साथ मेट्रो स्टेशन के पास से गुजर रहे थे। यहां उन्होंने दो कपल्स को बात करते देखा। – इसके बाद आरोपियों ने लड़कियों को पकड़ लिया। उन्हें पास के खाली प्लॉट में ले गए, जहां काफी अंधेरा था। लड़कों के साथ मारपीट की। – रेप करने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद बदहवास लड़कियों ने खुद पुलिस को कॉल किया। – पुलिस की मानें तो आरोपी लड़कियों और उनके दोस्तों को नहीं जानते थे। बुधवार रात हुई थी वारदात – मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार रात करीब 8.30 बजे एक खाली प्लॉट में 5 आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। – दोनों लड़कियां अपने दोस्तों के साथ पार्क में घूमने के लिए गई थीं। उसी दौरान आरोपियों ने उन्हें अपना शिकार बनाया। – लड़कियां अमन विहार के पास एक फैक्ट्री में काम करती हैं। इनकी उम्र 17 और 18 साल बताई गई है। मेट्रो स्टेशन के पास ये तीसरी घटना – यहां रहने वाले एक शख्स का कहना है कि इस जगह हुई सालभर में ये तीसरी घटना है। – पहले 8 साल की बच्ची अचानक गायब हो गई थी। अगले दिन उसकी लाश मिली। फिर इसी खाली प्लॉट में एक महिला की डेड बॉडी मिली थी। – पूरे इलाके में काफी अंधेरा रहता है। लंबे समय से स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की जा रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।